कम पानी पीने से त्वचा बनती है रूखी, बेजान और झुर्रियों से भरपूर; स्किन एक्सपर्ट बताते हैं रोजाना 2.5 से 3 लीटर पानी पीना क्यों है जरूरी।
12 नवंबर 2025, नई दिल्ली
हम सभी जानते हैं कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पानी बेहद जरूरी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पानी की कमी का सबसे पहला असर आपकी स्किन पर दिखता है? त्वचा की नमी और लचीलापन बनाए रखने के लिए पर्याप्त पानी का सेवन उतना ही महत्वपूर्ण है जितना सही खानपान या स्किनकेयर रूटीन।
पीएसआरआई हॉस्पिटल के कंसल्टेंट और स्किन एक्सपर्ट डॉ. भावुक धीर के अनुसार, “हमारी त्वचा लगभग 60 से 70 प्रतिशत पानी से बनी होती है। जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो त्वचा की प्राकृतिक नमी खत्म होने लगती है, जिससे वह बेजान और खुरदुरी दिखने लगती है।”
पानी की कमी से त्वचा पर पड़ने वाले असर
1. त्वचा का ड्राई और खुरदुरा होना:
डिहाइड्रेशन से स्किन की नमी खत्म हो जाती है। इसका असर सबसे पहले चेहरे पर दिखता है — त्वचा सूखी, बेजान और परतदार लगने लगती है। लंबे समय तक ऐसा रहने पर झुर्रियां और फाइन लाइन्स जल्दी दिखने लगती हैं।
2. चमक में कमी आना:
पानी की कमी से स्किन की ऊपरी परत सिकुड़ जाती है, जिससे डेड सेल्स सतह पर जमा हो जाते हैं। यही कारण है कि चेहरा फीका और ग्लो-रहित दिखने लगता है।
3. मुंहासों की समस्या बढ़ना:
डिहाइड्रेशन त्वचा के सीबम प्रोडक्शन को प्रभावित करता है। जब त्वचा खुद को हाइड्रेट रखने की कोशिश करती है, तो ऑयल प्रोडक्शन बढ़ जाता है — जिससे मुंहासे और पिंपल्स की दिक्कत बढ़ सकती है।
यह भी पढ़े: दिल्ली विस्फोट के मद्देनज़र पीपल फोरम ऑफ इंडिया ने राष्ट्रीय सेवा पुरस्कार समारोह स्थगित किया
4. स्किन बैरियर का कमजोर होना:
जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो त्वचा की सुरक्षा परत यानी बैरियर फंक्शन कमजोर पड़ जाता है। इससे स्किन धूप, प्रदूषण और एलर्जी के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाती है।
हेल्दी स्किन के लिए कितना पानी पीना चाहिए?
डॉ. धीर के अनुसार, हर व्यक्ति की जरूरत उसके वजन, दिनचर्या और मौसम पर निर्भर करती है। औसतन एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 2.5 से 3 लीटर पानी पीना चाहिए।
यदि आप ज्यादा पसीना बहाते हैं, एक्सरसाइज करते हैं या गर्म मौसम में रहते हैं, तो यह मात्रा और बढ़ जानी चाहिए।
वे सलाह देते हैं कि पानी एक साथ बहुत ज्यादा न पीकर दिनभर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीना सबसे बेहतर है। इसके अलावा, फलों, सब्जियों और सूप जैसी चीजों से भी शरीर की हाइड्रेशन की जरूरत पूरी की जा सकती है।
हाइड्रेशन ही हेल्दी, ग्लोइंग और यंग स्किन की असली कुंजी है। अगर आप चाहते हैं कि आपकी त्वचा लंबे समय तक चमकदार और जवां दिखे, तो स्किनकेयर प्रोडक्ट्स से ज्यादा ध्यान अपने पानी पीने की आदतों पर दें — क्योंकि असली ग्लो अंदर से आता है।
यह भी पढ़े: क्यों अटकी है अनुष्का शर्मा की कमबैक फिल्म ‘Chakda Xpress’? जानिए रिलीज…
