भारत के EV पार्क विजन पर विशेषज्ञों ने की चर्चा
ऊर्जा बचत व पर्यावरण सुरक्षा में जनभागीदारी जरूरी: कमलजीत सहरावत
नई दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेक्टर को बढ़ावा देने और देश के पहले EV पार्क की स्थापना की योजना को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली के जनकपुरी स्थित MERI कॉलेज में विशेष राउंड टेबल डिस्कशन आयोजित की गई। ‘राउंड टेबल डिस्कशन ऑन इंडियाज फर्स्ट EV पार्क’ कार्यक्रम का आयोजन IFEVA और MERI Group of Institutions ने मिलकर किया।
कार्यक्रम में पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने बिजली की बचत को राष्ट्रीय विकास से जोड़ते हुए नागरिकों से अनावश्यक बिजली खपत रोकने की अपील की।
उन्होंने IFEVA और MERI की EV पार्क स्थापित करने की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भारत को स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल EV गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ. शैलेंद्र सरोज ने नेशनल EV पार्क के डिजाइन, इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी योजना पर प्रस्तुति दी। स्वीचलैब के एडिशनल डायरेक्टर सुनील भटनागर ने सरकार की EV नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी।
MERI के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. ललित अग्रवाल और चेयरमैन आईपी अग्रवाल ने EV पार्क को प्रदूषण नियंत्रण और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस दौरान इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग, शिक्षा क्षेत्र और नीति विशेषज्ञों ने EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, नई तकनीकों और भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संभावनाओं पर चर्चा की।
