प्रो. के. जी. सुरेश ने मातृभाषा डॉट कॉम के दशक उत्सव में नई पीढ़ी की भाषाई जागरूकता को सकारात्मक बदलाव बताया। समारोह में 15 हस्तियों को सम्मान मिला
नई दिल्ली: भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक पहचान के प्रति नई पीढ़ी का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। यह बदलाव भाषाओं के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है। यह बात प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश ने मातृभाषा डॉट कॉम के दस वर्ष पूरे होने पर आयोजित दशक उत्सव में कही। इस मौके पर शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता और मीडिया समेत विभिन्न क्षेत्रों की 15 हस्तियों को ‘भाषा सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
मातृभाषा उन्नयन संस्थान की दिल्ली इकाई ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज के नए संगोष्ठी कक्ष में ‘दशक उत्सव एवं भाषा सारथी सम्मान समारोह’ आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) रमा शर्मा ने की। प्रो. के. जी. सुरेश मुख्य अतिथि और प्रो. पूरनचंद टंडन सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में प्रो. पूरनचंद टंडन ने हिंदी के विकास में अन्य भारतीय भाषाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी को अधिक समृद्ध बनाने के लिए देश की दूसरी भाषाओं के साथ बेहतर संवाद और आपसी जुड़ाव जरूरी है। सभी भारतीय भाषाओं के साथ मिलकर आगे बढ़ने से हिंदी का विस्तार होगा।
इससे पहले मातृभाषा डॉट कॉम की सह-संपादक भावना शर्मा ने मंच की दस वर्षों की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान 10 हजार से अधिक रचनाकार मंच से जुड़े हैं और 50 लाख से अधिक पाठक इसकी सामग्री पढ़ चुके हैं। वेबसाइट पर 50 हजार से ज्यादा वेब पेज मौजूद हैं।
भावना शर्मा ने कहा कि भाषा संरक्षण किसी एक वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के हर व्यक्ति की भूमिका अहम है। उन्होंने भाषा सारथी सम्मान को भाषाओं के विकास में योगदान देने वाले लोगों के प्रयासों को पहचानने का माध्यम बताया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. रमा शर्मा ने मंच की साहित्यिक यात्रा की सराहना की और भविष्य में भी हिंदी तथा भारतीय भाषाओं के लिए काम करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सम्मानित होने वालों में प्रो. सदानंद पांडे, राम अवतार बैरवा, प्रो. हरीश अरोड़ा, डॉ. विजय कुमार मिश्र, डॉ. सुशील द्विवेदी, डॉ. आरती, ओम प्रकाश प्रजापति, सोनल दहिया, डॉ. दलजीत सचदेवा, वागीश शर्मा, सुनील जैन राही, ओम प्रकाश सपरा, मनोज कामदेव, डॉ. विवेक गौतम और शकील अहमद सैफ शामिल रहे।
सभी सम्मानित व्यक्तित्वों ने मातृभाषा डॉट कॉम की दस साल की साहित्यिक यात्रा और डिजिटल मंच पर हिंदी को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामना मिश्रा ने किया। अंत में सुरभि सप्रू ने अतिथियों और साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
