MERI और IITU ने संयुक्त शोध व छात्रवृत्ति के लिए किया MoU
नई दिल्ली: उच्च शिक्षा और तकनीकी अनुसंधान में सहयोग बढ़ाने के लिए MERI ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और कजाकिस्तान की इंटरनेशनल इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी (IITU) ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध, छात्रवृत्ति और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।
अल्माटी में आयोजित हस्ताक्षर समारोह में MERI के उपाध्यक्ष प्रो. ललित अग्रवाल और IITU की रेक्टर प्रो. गुलमिरा बेकमानोवा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। साझेदारी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग को प्रमुख क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है।
दोनों संस्थान अपने अकादमिक और तकनीकी अनुभव साझा करने के लिए सम्मेलन, सेमिनार और गोलमेज चर्चाएं भी आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में शिक्षाविदों, तकनीकी विशेषज्ञों, राजनयिकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
MERI के उपाध्यक्ष प्रो. ललित अग्रवाल ने दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को विस्तार देने की जरूरत बताई। IITU की रेक्टर प्रो. गुलमिरा बेकमानोवा ने भी इस दिशा में साझेदारी को आगे बढ़ाने का समर्थन किया।
MERI सेंटर फॉर इंटरनेशनल स्टडीज (CIS) के प्रमुख प्रो. (डॉ.) रमाकांत द्विवेदी ने कहा कि यह समझौता भारत और कजाकिस्तान के बीच सहयोग को मजबूत करने में सहायक होगा। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते महत्व के साथ उद्योग की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने और शिक्षकों की विशेषज्ञता विकसित करने की बात कही।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्वानों के साथ सहयोग को अंतरराष्ट्रीय संबंधों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक अध्ययन के विकास के लिए भी अहम बताया।
समारोह में IITU के उप-रेक्टर नूरझान जुबायेव, विभिन्न संकायों के डीन, अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े अधिकारी, कुश अग्रवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
