डीपीएसए द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 110 पैरा एथलीटों ने भाग लिया, जहां वरिष्ठ और जूनियर वर्गों में दमदार प्रदर्शन देखने को मिला।
नई दिल्ली | 27 दिसंबर 2025
डिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ दिल्ली (डीपीएसए) ने आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली राज्य पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025–26 का आयोजन किया। यह प्रतियोगिता तीसरी सीनियर और दूसरी जूनियर व सब-जूनियर श्रेणी की राज्य स्तरीय चैंपियनशिप रही, जिसमें दिल्ली के विभिन्न जिलों से आए कुल 110 पैरा एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया और दिल्ली सरकार से मान्यता प्राप्त डीपीएसए द्वारा आयोजित इस एकदिवसीय प्रतियोगिता का उद्देश्य पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों को एक संगठित, निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना था, ताकि वे भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।
चैंपियनशिप का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अरविंद मेनन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त देवेेश श्रीवास्तव, आईपीएस भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद मेनन ने कहा कि खेल निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से उत्कृष्टता की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि पैरा एथलीट यह सिद्ध करते हैं कि सीमाएं सफलता में बाधा नहीं, बल्कि संकल्प और मेहनत ही असली शक्ति होती है। उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों को समावेशी खेल संस्कृति के निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।

देवेेश श्रीवास्तव, आईपीएस ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि पैरा एथलीटों का साहस और आत्मविश्वास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में सीनियर महिला, सीनियर पुरुष तथा जूनियर और सब-जूनियर पुरुष वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
डीपीएसए की अध्यक्ष पारुल सिंह ने कहा कि यह आयोजन राजधानी में पैरा खेलों को मजबूत आधार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं न केवल नई प्रतिभाओं की पहचान करती हैं, बल्कि खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
