संगम कला संस्थान ने आयोजित किया ‘नाद संगम’, युवा प्रतिभाओं को मिला मंच
गाजियाबाद: संगम कला संस्थान, गाजियाबाद में ‘नाद संगम’ मासिक श्रृंखला के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान की अध्यक्षा डॉ. दीप्ति वत्स और सचिव कुमार सूरज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में दूरदर्शन की ग्रेडेड कथक नृत्यांगना आंचल शर्मा और युवा गायिका परिणिका चंद्रा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। संस्थान की ओर से दोनों कलाकारों को शॉल एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ अपनी कला को निखारने का संदेश दिया।
संगम कला संस्थान भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित है। संस्थान विभिन्न आयोजनों के माध्यम से उभरते कलाकारों को मंच प्रदान कर सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।
