गुस्साए अभिभावकों का प्रदर्शन, स्कूल सुरक्षा पर उठे सवाल
नई दिल्ली , 21 अगस्त 2025
अहमदाबाद में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। क्लास 10 के छात्र नयन सांतानी की हत्या उसके जूनियर ने स्कूल के बाहर चाकू से कर दी। घटना सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर उस समय हुई जब छुट्टी की घंटी बजते ही नयन घर जाने के लिए निकला था। तभी क्लास 8 के छात्र और उसके कुछ साथियों ने उसे घेर लिया। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई और आरोपी छात्र ने अचानक चाकू निकालकर नयन को वार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में नयन को चोट लगने के बाद लड़खड़ाते हुए स्कूल के अंदर जाते देखा गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
जांच में पुलिस को आरोपी और उसके दोस्त के बीच हुई इंस्टाग्राम चैट मिली है, जिसमें आरोपी ने अपराध कबूल किया है। दोस्त के पूछने पर पहले तो उसने टालमटोल किया लेकिन बाद में साफ कहा – “हां तो”। बातचीत में आरोपी ने घटना को बेहद हल्के में लिया और लिखा, “छोड़ न, अब जो हो गया वो हो गया।” उसने दावा किया कि नयन ने उसे चुनौती दी थी – “कौन है तू, क्या कर लेगा?” जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। दोस्त ने हैरानी जताते हुए कहा कि उसे मार सकता था, लेकिन जान नहीं लेनी चाहिए थी।
इस निर्मम हत्या से शहरभर में गुस्सा फैल गया है। अभिभावकों ने स्कूल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी स्कूल के पीछे भाग गया था, लेकिन गार्ड ने उसे देख लिया और प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जुवेनाइल एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है।
