सर्दियों में तुलसी का पौधा जल्दी सूखने लगता है। पौधे को हरा रखने के लिए धूप, पानी और मिट्टी का सही संतुलन बनाए रखें और कुछ घरेलू उपाय अपनाएं।
22 नवंबर 2025, नई दिल्ली
तुलसी का पौधा हिंदू मान्यताओं में पवित्र माना जाता है। लगभग हर घर में तुलसी मिल जाती है—कभी धार्मिक कारणों से, तो कभी उसके औषधीय फायदे की वजह से। तुलसी की पत्तियों से बना काढ़ा और चाय सर्दियों में खास लाभ पहुंचाते हैं, लेकिन कई बार ठंड बढ़ने पर तुलसी का पौधा काला पड़कर सूखने लगता है।
अगर आपके घर की तुलसी भी ठंड में कमजोर पड़ रही है, तो कुछ आसान देखभाल के तरीके अपनाकर आप इसे फिर से हरा-भरा बना सकते हैं।
ठंड में तुलसी की देखभाल ऐसे करें
1. पौधे को सही जगह रखें
सर्दियों में तुलसी को तेज ठंड सीधे लगने से बचाएं। गमले को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आए और ठंडी हवा सीधे न लगे। घर की बालकनी या खिड़की का ऐसा कोना चुनें, जो ऊपर से ढका हो।
2. कम पानी दें
ठंड में रोजाना पानी डालना या प्रतिदिन जल चढ़ाना पौधे को गलाने लगता है। पानी तभी दें, जब मिट्टी ऊपर से थोड़ी सूखी दिखे। ज़्यादा नमी तुलसी के लिए नुकसानदायक होती है।
3. मिट्टी की जांच करें
तुलसी को हल्की, रेतीली और सांस लेने वाली मिट्टी पसंद है। अगर मिट्टी बहुत कड़ी या ज्यादा गीली है, तो पौधा सूखने लगता है। जरूरत लगे तो गमले की ऊपरी मिट्टी बदल दें।
यह भी पढ़े: सर्दियों में सीरम के बाद क्या लगाएं?: रूखी त्वचा को मुलायम, हाइड्रेटेड और ग्लोइंग बनाने के आसान तरीके
तुलसी को हरा रखने के आसान टिप्स
1. नीम का पानी का प्रयोग
तुलसी की ग्रोथ बढ़ाने और पत्तियों को सूखने से बचाने के लिए महीने में एक-दो बार नीम का पानी मिट्टी में डालें। यह पौधे को फंगस और कीड़ों से भी बचाता है।
2. उचित खाद डालें
गोबर की खाद तुलसी में नहीं डालनी चाहिए। इसकी जगह हल्का वर्मी कम्पोस्ट सबसे अच्छा माना जाता है। ध्यान रखें, खाद सीमित मात्रा में ही डालें, वरना पौधा जल सकता है।
3. समय-समय पर कटाई करें
पौधे पर आई मंजरी (फूल) को हटाते रहें। इससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा घना होने लगता है। सूखी या पीली पत्तियां भी काट दें।
4. तेज धूप या बहुत ठंड से बचाएं
सर्दियों में पौधे को बहुत देर तक तेज धूप या खुले आसमान में न रखें। सुबह की हल्की धूप तुलसी के लिए सबसे सही होती है।
यह भी पढ़े: Sonam Kapoor का सरप्राइज़ अनाउंसमेंट—स्टाइलिश अंदाज़ में शेयर किया मदरहुड का नया चैप्टर
