राम बाबू शर्मा जी की स्मृति में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन
25 जनवरी 2026 | नई दिल्ली
साईं बाबा के परम भक्त, समर्पित समाजसेवी और सादगीपूर्ण जीवन के लिए जाने जाने वाले स्वर्गीय श्री राम बाबू शर्मा जी की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम उनकी पुण्य स्मृति में शाहदरा के कबूल नगर स्थित श्री साईं शरणम मंदिर में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के तहत प्रातः 10:00 बजे पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि दोपहर 12:00 बजे साईं प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जय माता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। शिविर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण, चश्मा वितरण तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह स्वास्थ्य शिविर मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। नेत्र जांच के साथ-साथ शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमडी (बोन मैरो डेंसिटी टेस्ट) तथा फिजिशियन कंसल्टेशन की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। शिविर के लिए पंजीकरण का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
स्वर्गीय श्री राम बाबू शर्मा जी को उनके सामाजिक योगदान, गहरी धार्मिक आस्था और जनसेवा के लिए सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में उनके परिवारजन—श्रीमती शोभा शर्मा (पत्नी), विपिन शर्मा (पूर्व विधायक, पुत्र), पारस शर्मा (पुत्र) एवं पायल शर्मा (पुत्री)—सहित साईं परिवार के सदस्य, ट्रस्ट के पदाधिकारी और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
