पहले संस्करण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा होंगे मुख्य अतिथि; छह दिग्गज हस्तियों को मिलेगा सम्मान।
नई दिल्ली, 09 दिसंबर 2025:
HRDS INDIA आगामी 10 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित NDMC कन्वेंशन हॉल में वीर सावरकर इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवॉर्ड 2025 के प्रथम संस्करण का आयोजन करने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित समारोह का उद्घाटन देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा किया जाएगा, जबकि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
इस पुरस्कार के पहले संस्करण में कुल छह विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से सांसद, लेखक और पूर्व राजनयिक डॉ. शशि थरूर का नाम शामिल है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को समर्पित है जिन्होंने राष्ट्र-निर्माण, सामाजिक विकास और वैश्विक पहचान में उल्लेखनीय भूमिका निभाई हो।
डॉ. थरूर का चयन उनकी बहुआयामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का सम्मान है। संयुक्त राष्ट्र में उनकी लम्बी और प्रभावशाली भूमिका, भारतीय संसद में उनकी सक्रिय भागीदारी तथा उनके साहित्यिक योगदान ने वैश्विक कूटनीति, शिक्षा, इतिहास और समावेशी विकास को नई दृष्टि प्रदान की है। 20 से अधिक पुस्तकों के लेखक के रूप में उन्होंने भारत को समझने और दुनिया को समझाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम आगे बढ़ाया है।
HRDS INDIA के संस्थापक–सचिव श्री अजी कृष्णन ने कहा,
“डॉ. शशि थरूर बुद्धिमत्ता, वैश्विक दृष्टि और जनहित की भावना का अद्वितीय संगम हैं। उनका योगदान इस पुरस्कार की भावना को सार्थक बनाता है। प्रथम संस्करण में उनका सम्मानित होना हमारे लिए गर्व का विषय है।”
वीर सावरकर इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवॉर्ड की स्थापना क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात विचारक विनायक दामोदर सावरकर के अद्भुत व्यक्तित्व और उनकी राष्ट्रवादी विरासत को समर्पित है। उनका साहस, स्पष्ट विचारधारा और भारत के भविष्य के प्रति दृष्टि आज भी सामाजिक सुधार और राष्ट्रीय विकास के मार्गदर्शक सिद्धांत माने जाते हैं।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय नेतृत्व, नीति विशेषज्ञ, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो देश की लोकतांत्रिक और विकासात्मक यात्रा में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एकत्रित होंगे।
HRDS INDIA एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है, जो जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और महिला सशक्तिकरण पर कार्य कर रहा है। संगठन केरल, तमिलनाडु, गुजरात, त्रिपुरा, असम और झारखंड में हजारों आदिवासी परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सफल रहा है।
वीर सावरकर इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवॉर्ड का यह प्रथम संस्करण HRDS INDIA की उस विश्वास को सुदृढ़ करता है कि समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करके देश की प्रगतिशील सोच को और मजबूती दी जा सकती है।
