भीलवाड़ा छठ महोत्सव में लोकगीतों और परंपराओं को मिला मंच
भीलवाड़ा में छठ महोत्सव के जरिए भोजपुरी लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को बढ़ावा दिया गया। दूसरी शाम धार्मिक झांकियों और भक्ति संगीत से सजी
भीलवाड़ा। छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा में दो दिवसीय छठ महोत्सव आयोजित किया गया। इसकी दूसरी शाम वॉटर वर्क्स स्थित लेबर कॉलोनी के श्रम कल्याण केंद्र परिसर में भक्ति संगीत, भोजपुरी लोकगीतों और धार्मिक झांकियों के नाम रही। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद ‘माय फ्रेंड गणेशा’ और ‘देवा हो देवा’ जैसे गीतों ने धार्मिक माहौल बनाया। वृंदावन से समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से आए कलाकारों ने छठी मैया और अन्य देवी-देवताओं से जुड़ी झांकियां प्रस्तुत कीं। वॉटर टैंक में छठी मैया के स्वरूप और सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालुओं की झांकी खास आकर्षण रही। अमरनाथ में भगवान शिव के साथ रहने वाले दो कबूतरों से जुड़े प्रसंग को भी मंच पर दर्शाया गया।
भोजपुरी लोकगीतों के जरिए छठ की परंपराओं को भी सामने रखा गया। छपरा के गायक श्याम सिंह ने ‘मंगल के दाता, हुआ बिगड़ी बनाई जी’, ‘रेलगड़िया धराई द बलमुआ, जाइब छठ’ और ‘विद्या बनाई द छठी घाटे, देवरू’ जैसे गीत गाए। गायिका संजना राय ने ‘कोन संकट परल तोहार दीनानाथ’, ‘उगा है सूरज देव’ और ‘कांचे ही बांस के बहंगिया’ जैसे पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत किए। यीशु गुप्ता और आरोही ने नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग जोड़े।
इस अवसर पर मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री भारती मेहता भी मौजूद रहीं। फिल्मों, वेब सीरीज, ओटीटी और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकीं अभिनेत्री की मौजूदगी आयोजन के आकर्षणों में शामिल रही। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में किया गया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह सूर्य उपासना का पर्व होने के साथ त्याग, तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य छठ से जुड़ी परंपराओं, लोकगीतों और रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, पूनम, मंजू देवी, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, लीलकांत चौधरी और प्रभु नारायण झा सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
