Assam An-32 Crash: असम में वायुसेना का विमान क्रैश, 5 जवान शहीद
नई दिल्ली: असम के जोरहाट से भारतीय से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार पांच वायुयोद्धाओं ने देश सेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।
हादसे में विमान का को-पायलट सुरक्षित बच गया, हालांकि उसे चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, AN-32 विमान नियमित उड़ान दौरान जोरहाट एयरबेस के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुचें तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
पांच वायुयोद्धाओं ने दी कुर्बानी
इस दुर्घटना में शहीद होने वाले वायुसेना कर्मियों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं। सभी ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

रक्षा मंत्री ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शहीद वायुयोद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश उनके साहस, समर्पण और बलिदान को हमेशा याद रखेगा। साथ ही उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल को-पायलट के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दुर्घटना के कारणों की होगी जांच
भारतीय वायुसेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। तकनीकी खराबी, मौसम संबंधी परिस्थितियां या अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी।
वायुसेना अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें- PM Modi Europe Visit: फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 समिट पर जोर, इनोवेशन और व्यापार को मिलेगी नई दिशा
देशभर में शोक की लहर
हादसे की खबर सामने आने के बाद सैन्य और नागरिक समुदाय में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी लोग शहीद वायुयोद्धाओं को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
देश ने एक बार फिर अपने पांच वीर सपूतों को खो दिया है, जिन्होंने राष्ट्र सेवा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
