केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और जयपुर ग्रेटर की महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की मुलाकात में जीएसटी-2 रिफॉर्म, नगर निगम कार्यों और जयपुर के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
नई दिल्ली, 25 नवंबर 2025:
जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच जयपुर के समग्र विकास, शहर के सौंदर्यकरण और नगर निकाय द्वारा अपनाई जा रही नई पहल पर व्यापक चर्चा हुई।
डॉ. गुर्जर ने केंद्रीय वित्त मंत्री को राजस्थान में लागू हुए जीएसटी-2 रिफॉर्म्स के सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन सुधारों से न केवल व्यापारियों को राहत मिली है बल्कि आम नागरिकों के लिए भी आर्थिक वातावरण अधिक सुगम हुआ है।
महापौर ने अपने कार्यकाल में जयपुर ग्रेटर नगर निगम द्वारा किए गए विकासात्मक कार्यों, स्मार्ट प्रोजेक्ट्स और शहर को बेहतर बनाने के प्रयासों का ब्यौरा भी साझा किया। साथ ही, राजस्थान के स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदमों पर भी विस्तार से बातचीत हुई।
भेंट के अंत में डॉ. सौम्या गुर्जर ने श्रीमती सीतारमण को नगर निगम के कार्यों पर आधारित कॉफी टेबल बुक “मेरा जयपुर ग्रेटर” सौंपकर शहर की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को भी प्रस्तुत किया।
