मरीजों के अधिकार सुरक्षित रहें, मेडिकल मामलों में निष्पक्ष सुनवाई हो: NMF-AHPI
दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 में NMF और AHPI ने मरीजों के अधिकार, डॉक्टरों की जवाबदेही और मेडिकल लापरवाही की निष्पक्ष सुनवाई के लिए संतुलित व्यवस्था की मांग
नई दिल्ली। मेडिकल लापरवाही के मामलों में मरीजों के अधिकारों और डॉक्टरों की जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की मांग की गई है। नेशनल मेडिकल फोरम (NMF) और एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (इंडिया) (AHPI) ने नई दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 ऑन मेडिकल नेग्लिजेंस, प्रोफेशनल अकाउंटेबिलिटी एंड कंज्यूमर प्रोटेक्शन’ जारी किया।
इस घोषणा में कहा गया है कि मरीजों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय पाने के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। मरीजों को इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी मिलनी चाहिए और उपचार से पहले उनकी सहमति ली जानी चाहिए। इसके साथ ही मेडिकल लापरवाही के मामलों में डॉक्टरों की जवाबदेही तय करने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया भी जरूरी है।
दोनों संगठनों ने उपभोक्ता संरक्षण कानून (CPA) के तहत मेडिकल लापरवाही के मामलों की मौजूदा सुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की। उनका कहना है कि वास्तविक लापरवाही, इलाज के दौरान होने वाली सामान्य जटिलताओं और उचित चिकित्सकीय फैसलों के बीच अंतर समझना जरूरी है। इसके लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में नेशनल मेडिकल फोरम के चेयरमैन डॉ. प्रेम अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में कई तरह के जोखिम और अनिश्चितताएं होती हैं। डॉक्टरों को मरीज की स्थिति के आधार पर निर्णय लेने पड़ते हैं। ऐसे में किसी उपचार का असफल होना या मरीज की हालत बिगड़ना हर बार मेडिकल लापरवाही नहीं माना जा सकता।
AHPI के संस्थापक एवं संरक्षक डॉ. एलेक्जेंडर थॉमस (डॉ. एलेक्स थॉमस) ने कहा कि मेडिकल लापरवाही के मामलों के निपटारे के लिए मौजूदा प्रक्रिया में सुधार की जरूरत है। उन्होंने ऐसे मामलों में चिकित्सा विशेषज्ञों की भागीदारी और निष्पक्ष सुनवाई पर जोर दिया।
चिकित्सा सेवाओं को उपभोक्ता संरक्षण कानून के दायरे में लाने का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 1995 में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बनाम वी.पी. शांथा मामले में दिया था। इस व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक याचिका फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं। अगली सुनवाई 26 नवंबर 2026 को होगी।
NMF और AHPI ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था का मकसद मरीजों को न्याय से वंचित करना नहीं, बल्कि सभी पक्षों के अधिकारों और जिम्मेदारियों का ध्यान रखते हुए मेडिकल मामलों का निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करना है।
