Tata Sierra EV ग्राहक ने मांगा रिफंड, 80KM में बंद
रायपुर: नई टाटा सिएरा ईवी की डिलीवरी को लेकर रायपुर के एक ग्राहक ने कंपनी के खिलाफ शिकायत की है। हरीश कुमार अग्रवाल का आरोप है कि उन्हें नई कार के नाम पर ऐसा वाहन दिया गया, जिस पर पहले से खरोंचें थीं और जिसकी ओडोमीटर रीडिंग करीब 900 किलोमीटर थी। इसके बाद कार यात्रा के दौरान बंद हो गई। ग्राहक ने अब वाहन बदलने या पूरी रकम लौटाने की मांग की है।
अग्रवाल ने 8 अगस्त 2026 को टाटा सिएरा ईवी प्योर एस63 की बुकिंग की थी। 14 अगस्त को वाहन का निरीक्षण करने पर उन्होंने कार की छत, बोनट, साइड पैनल और डोर हैंडल पर नुकसान के निशान पाए। ओडोमीटर पर करीब 900 किलोमीटर की रनिंग देखकर उन्होंने डिलीवरी स्वीकार नहीं की और कागजात पर हस्ताक्षर करने से भी मना कर दिया।
ग्राहक के अनुसार, उन्होंने बाद में वाहन की जांच और मरम्मत की प्रक्रिया में सहयोग किया। लेकिन 30 अगस्त को विशाखापत्तनम से रायपुर लौटते वक्त करीब 80 किलोमीटर चलने के बाद कार में ओवरहीटिंग का अलर्ट आया और वह बंद हो गई। रोडसाइड असिस्टेंस के जरिए वाहन को टो कर टाटा मोटर्स सेंटर ले जाया गया।
तीन दिन बाद ग्राहक को बताया गया कि कार में सॉफ्टवेयर संबंधी खराबी थी और उसे ठीक कर दिया गया है। हालांकि, अग्रवाल ने बैटरी, मोटर और कूलिंग सिस्टम से संबंधित लिखित तकनीकी रिपोर्ट मांगी, जो उनके मुताबिक उन्हें नहीं दी गई।
ग्राहक के मुताबिक, इस सौदे की कुल रकम करीब 29 लाख रुपये है, जिसमें पुरानी कार के बदले समायोजित 7 लाख रुपये भी शामिल हैं। शोरूम की ओर से वाहन को सुरक्षित रायपुर लाने में असमर्थता जताने के बाद उन्होंने उपभोक्ता कानून के तहत कार्रवाई की बात कही है। उनकी मांग है कि उन्हें उसी मॉडल की नई कार दी जाए या पुरानी कार की कीमत समेत पूरी रकम वापस की जाए। इसके अलावा टोइंग और यात्रा से हुई असुविधा का मुआवजा भी मांगा गया है।
