दिल्ली में बिहार भवन कैंटीन के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ बिहारी स्वाद का नया ठिकाना
नई दिल्ली: दिल्ली में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के शौकीनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में मंगलवार को नई बिहार भवन कैंटीन का उद्घाटन किया गया। अब यहां आने वाले लोगों को लिट्टी-चोखा, सत्तू, कढ़ी-भात और अन्य प्रसिद्ध बिहारी व्यंजनों का असली स्वाद एक ही स्थान पर मिलेगा।
बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कैंटीन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बिहार भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार भवन हमेशा से राज्य की संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक रहा है। नई कैंटीन के जरिए अब बिहार के पारंपरिक खान-पान को भी राष्ट्रीय राजधानी में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने इसे बिहार की खाद्य विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम बताया।

नई कैंटीन के मेन्यू में लिट्टी-चोखा, सत्तू के व्यंजन, दाल-भात, कढ़ी-भात, मौसमी सब्जियां और कई अन्य बिहारी पकवान शामिल किए गए हैं। कैंटीन का उद्देश्य आगंतुकों को घर जैसा स्वाद और पारंपरिक भोजन का अनुभव कराना है।
अगर आप बिहार भवन कैंटीन में पारंपरिक बिहारी भोजन का स्वाद लेना चाहते हैं, तो इसके लिए समय भी निर्धारित किया गया है। कैंटीन में सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक नाश्ते की व्यवस्था रहेगी, जबकि दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक दोपहर और रात्रि भोजन उपलब्ध रहेगा। इस अवधि में आगंतुक बिहार के लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं।
नई बिहार भवन कैंटीन बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। यहां आने वाले प्रवासी बिहारियों को अपने घर जैसा भोजन मिलेगा, जबकि दिल्ली और अन्य राज्यों के लोग लिट्टी-चोखा, सत्तू सहित बिहार के पारंपरिक स्वाद और समृद्ध खान-पान संस्कृति को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करेंगे।
