किदवई नगर ईस्ट में 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा, आगे लक्ष्मी और काली पूजा की तैयारी
नई दिल्ली: दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में दुर्गा पूजा का उत्सव 21 अक्टूबर तक जारी रहेगा। किदवई नगर ईस्ट सार्बोजनिन पूजा समिति, किदवई नगर ईस्ट बांगिया समिति (पंजीकृत) के तहत टाइप-V स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 16 अक्टूबर से सार्बोजनिन श्री श्री दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है। इस वर्ष समिति का यह छठा आयोजन है और इसका नेतृत्व क्षेत्र की महिला निवासी कर रही हैं।
पूजा के दौरान पुष्पांजलि, आरती, प्रसाद और भोग वितरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय निवासियों और बंगाली समुदाय के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करना है।
समिति की अध्यक्ष सुमना रॉय ने कहा कि दुर्गा पूजा लोगों को एक साथ आने और अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का अवसर देती है। उपाध्यक्ष इंदिरा उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाता है। महासचिव सुभाष चंद्र घोष ने आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय निवासियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

दिल्ली में पहली बार दुर्गा पूजा देखने पहुंचे सौरव और रिया ने भी उत्सव के माहौल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उनके अनुसार, सामूहिक रूप से त्योहार मनाने का अनुभव यादगार रहा।
समिति ने दुर्गा पूजा के बाद होने वाले आगामी धार्मिक आयोजनों का कार्यक्रम भी साझा किया है। इसके अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को श्री श्री कोजागरी लक्ष्मी पूजा, 8 नवंबर 2026 को काली पूजा और 11 फरवरी 2027 को सरस्वती पूजा आयोजित की जाएगी।
समिति ने क्षेत्र के निवासियों, श्रद्धालुओं और बंगाली समुदाय के सदस्यों को 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
