इंटरनेशनल हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपो 2026 का समापन, आयुष और हेल्थी लाइफस्टाइल ने खींचा ध्यान
Health and Wellness Expo 2026 में ‘काकी मां’ के हेल्दी अचार और सत्तू ने बटोरा ध्यान
नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित 9वें इंटरनेशनल हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपो 2026 का रविवार को समापन हुआ। नमो गंगे ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 21 से 23 अगस्त तक आयुष, आयुर्वेद, होम्योपैथी, वेलनेस, न्यूट्रिशन, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और मेडिकल टेक्नोलॉजी से जुड़े उत्पादों व विचारों को मंच मिला।
आयोजकों के मुताबिक, IHWHE 2026 में 10,000+ विजिटर्स, 1,000+ बायर्स, 100+ एग्जिबिटर्स और 150+ विशेषज्ञ वक्ताओं ने भाग लिया। अंतिम दिन आयुष संगोष्ठी में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति पर चर्चा के साथ विभिन्न स्टॉलों पर भी दर्शकों की अच्छी भीड़ रही।
पारंपरिक स्वाद और सेहत का संगम
नई दिल्ली में आयोजित हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपो में पारंपरिक भारतीय खान-पान भी चर्चा में रहा। ‘काकी मां’ के स्टॉल पर हेल्दी अचार और सत्तू ने खास तौर पर विजिटर्स का ध्यान खींचा। पारंपरिक तरीके से तैयार किए गए इन उत्पादों को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।
‘काकी मां’ के फाउंडर अंशु झा ने बताया कि अचार और सत्तू का निर्माण पटना में पारंपरिक प्रक्रिया के तहत किया जाता है। अचार में घर पर तैयार मसालों और शुद्ध सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि सत्तू के लिए चने को भिगोकर, सुखाकर और भूनकर पत्थर की चक्की में पीसा जाता है। उत्पादों की मिथिला पेंटिंग वाली पैकेजिंग भारतीय लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को भी सामने लाती है।

आयुर्वेद से AI तक, हेल्थ एक्सपो में स्वास्थ्य क्षेत्र के भविष्य पर मंथन
इंटरनेशनल हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपो 2026 में आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक और पारंपरिक चिकित्सा के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा हुई। 18वीं आरोग्य संगोष्ठी में एविडेंस-बेस्ड ट्रेडिशनल मेडिसिन, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, आयुर्वेद, होम्योपैथी, पोषण और इंटीग्रेटेड हेल्थकेयर जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके अलावा हेल्थकेयर इनोवेशन समिट, ग्लोबल वेलनेस लीडरशिप फोरम और वेलनेस एंड आयुष लीडरशिप फोरम में डिजिटल हेल्थ, AI आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, न्यूट्रिशन, प्रिवेंटिव मेडिसिन और वेलनेस टूरिज्म पर विशेषज्ञों ने चर्चा की।
एक्सपो में आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी सहित मेडिकल टेक्नोलॉजी, न्यूट्रास्यूटिकल्स, ऑर्गेनिक एवं हर्बल प्रोडक्ट्स, मेडिकल डिवाइसेज, डिजिटल हेल्थ और डायग्नोस्टिक्स से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। हेल्थकेयर स्टार्टअप्स और वेलनेस सेवाओं को भी मंच मिला। आयोजन के दौरान ‘मोक्ष सेवा’ की शुरुआत भी की गई।
हेल्थ, आयुष और वेलनेस क्षेत्र के विशेषज्ञ सम्मानित
समापन समारोह में ‘नमो गंगे ग्लोबल हेल्थ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026’ आयोजित किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य सेवा, आयुष, वेलनेस, रिसर्च, इनोवेशन और संस्थागत योगदान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया।
नमो गंगे ट्रस्ट के चेयरमैन विजय शर्मा ने कहा कि एक्सपो के जरिए हेल्थ और वेलनेस क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार, निवेश, व्यापारिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। उन्होंने स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पारंपरिक चिकित्सा, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को जरूरी बताया।
