IITF में बिहार की पहल, संस्कृति के साथ उद्योग और कारोबार को मिला मंच
उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने IITF 2026 में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। 61 स्टॉल के जरिए राज्य के उत्पादों, संस्कृति और निवेश के अवसरों को पेश किया गया
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में बिहार ने अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी सामने रखा है। मेले में पार्टनर स्टेट बिहार के पवेलियन का रविवार को उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (IAS) ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और कारोबार से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया।
बिहार पवेलियन में बिक्री और प्रदर्शनी के लिए कुल 61 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, कला, शिल्प और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों को बिहार के उत्पादों से परिचित होने का मौका मिल रहा है। वहीं, निवेशक और उद्योग विशेषज्ञ राज्य में उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी हासिल कर सकते हैं।
निवेशकों को बिहार आने का न्योता
उद्घाटन के दौरान कुंदन कुमार ने कहा कि IITF बिहार को अपनी विरासत और विकास यात्रा देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच दे रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का औद्योगिक इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार ऐसी नीतियों और सुविधाओं पर काम कर रही है, जिनसे निवेशकों और उद्यमियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और उद्यमियों से बिहार पवेलियन आने तथा राज्य में उपलब्ध संभावनाओं को समझने की अपील की।

संस्कृति और उद्योग को एक साथ दिखाने की कोशिश
इस बार बिहार पवेलियन को मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका मुख्य प्रवेश द्वार राज्य के ऐतिहासिक सभ्यता द्वार की तर्ज पर बनाया गया है। पवेलियन में बिहार म्यूजियम की ऐतिहासिक कलाकृतियों की प्रतिकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
इसके अलावा, बजका आर्ट का लाइव प्रदर्शन भी आगंतुकों के लिए आकर्षण बना हुआ है। कलाकार कंचन प्रकाश इस पारंपरिक कला को मौके पर तैयार कर रही हैं और लोगों को इसकी विशेषताओं के बारे में बता रही हैं।
स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को मिलेगा बाजार
बिहार भवन, दिल्ली के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह (IAS) ने कहा कि ऐसे आयोजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक संभावनाओं को व्यापक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक धरोहर, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पाद और औद्योगिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं।
उनके मुताबिक, बिहार पवेलियन के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को नए दर्शक और बाजार मिलेंगे। साथ ही निवेशकों को राज्य में उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम में बिहार भवन के CAO कुमार दिग्विजय और सहायक स्थानिक आयुक्त शम्स अफरोज भी मौजूद रहे।
