45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के हैंडलूम, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को अच्छी प्रतिक्रिया मिली। राज्य को सहभागिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया
नई दिल्ली: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार की कला, संस्कृति और पारंपरिक खानपान ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। मेले में प्रदेश के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की खरीदारी के साथ बिहार के पारंपरिक व्यंजनों को लेकर भी लोगों में उत्साह देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साझीदार राज्य बिहार को सम्मानजनक सहभागिता पुरस्कार भी मिला।
बिहार सरकार की ओर से यह पुरस्कार डॉ. विद्यानंद सिंह (IAS), हथकरघा एवं रेशम पालन निदेशालय, उद्योग विभाग ने ग्रहण किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी
27 नवंबर को समाप्त हुए व्यापार मेले में बिहार के पारंपरिक उत्पादों को अच्छी प्रतिक्रिया मिली। बांका के कामरान फैजल के स्टॉल और मेनका के अश्विता हैंडलूम स्टॉल पर खरीदारों की भीड़ रही। आगंतुकों ने प्रदेश के हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी की।
दाल पीठी और लिट्टी-चोखा की रही मांग
मेले के फूड कोर्ट में बिहार स्टेट फूड स्टॉल पर दाल पीठी और लिट्टी-चोखा लोगों की पसंद बने। मिस्टर लिट्टी वाला के संचालक देवेंद्र सिंह ने कहा कि आगंतुक इन दोनों व्यंजनों को खूब पसंद कर रहे हैं।
बिहार के कारोबारियों को मिला अवसर
इस अवसर पर हैदर ने कहा कि व्यापार मेले में बिहार के उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को मिल रही प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजनों से देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति और खानपान से जुड़ने का मौका मिलता है।
