महिला किसान दिवस के अवसर पर 15 अक्टूबर को डीडी किसान पर दिखेगा प्रगतिशील महिला किसानों का संघर्ष, उपलब्धियां और गुलाबो सपेरा द्वारा राजस्थानी लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति।
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर 2025:
आगामी 15 अक्टूबर, महिला किसान दिवस के अवसर पर डीडी किसान चैनल एक विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है, जिसमें देशभर की महिला किसानों के संघर्ष, मेहनत और सफलता की प्रेरक कहानियां प्रदर्शित की जाएंगी। इस साल भारत में महिला किसान दिवस का दसवां वर्ष मनाया जा रहा है। पहला दिवस 2016 में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के दौरान स्टूडियो में कई गणमान्य अतिथि और कृषि विशेषज्ञ उपस्थित थे। प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत कुमार सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, दूरदर्शन के महानिदेशक के. सतीश नंबूदिरीपाद, डीडी किसान के उपमहानिदेशक लोकमान सिंह, तथा उपनिदेशक और कार्यक्रम प्रमुख राजकुमार नाहर ने महिला किसानों को शुभकामनाएं और बधाई दी।
इस विशेष प्रसारण में प्रमुख महिला किसान शामिल हैं: पद्मश्री राजकुमारी देवी (किसान चाची), पद्मश्री कामाची चेल्लाम्मल (नारियल अम्मा), विमला सिंवर (देश की पहली नमो ड्रोन दीदी), कृषि उद्यमी अन्नू कानावत, पद्मश्री जनक पलटा (ऊर्जा संरक्षण में योगदान), और रेणु सांगवान (डेयरी फार्मिंग में उत्कृष्ट कार्य)। इनके प्रेरक अनुभव दर्शकों को महिला किसानों की मेहनत और उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।
कार्यक्रम में राजस्थानी लोक संस्कृति का जादू भी देखने को मिलेगा। इसके तहत पद्मश्री गुलाबो सपेरा द्वारा कालबेलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दिखाई जाएगी, जो लोक कला और संस्कृति को वैश्विक मंच पर उजागर करेगी।
इस विशेष प्रसारण का उद्देश्य न केवल महिला किसानों के योगदान को सराहना देना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन भी प्रदान करना है।