डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026: राजेश मालवीय समेत कई प्रतिभाएं सम्मानित
बहुजन साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय समारोह में देवास के राजेश मालवीय समेत कई लोगों को सम्मानित किया गया। मालवीय को डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार मिला
बहुजन साहित्य अकादमी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देवास के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजेश मालवीय को डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें पत्रकारिता, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में योगदान के लिए यह सम्मान मिला। समारोह में राजेश मालवीय के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली प्रतिभाओं को भी फेलोशिप और राष्ट्रीय पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना मंत्रालय की कमिश्नर सुधा रानी रेलांगी, करोल बाग के विधायक रवि और बहुजन साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नल्ला राधाकृष्णन सहित देशभर से आए अतिथि शामिल हुए।
कई राज्यों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में सिक्किम प्रदेश अध्यक्ष शांति सुंदरदास, उत्तर प्रदेश से गीता पैट्रिक, मध्य प्रदेश से के.बी. मंसारे और मानवीर सिंह पर्चा, तेलंगाना से एम.एम. गौतम तथा गुजरात से के.जे. सौराथिया भी उपस्थित रहे।
इन लोगों को भी मिला सम्मान
राजेश मालवीय के साथ सीताराम सोनारथी, बी.एल. चौहान, यू.के. गोयल, एफ.एस. जगदाले, बरखा ठाकरे, आर.सी. तिरोले और के.सी. सांवले को भी सम्मानित किया गया। अकादमी ने विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए फेलोशिप और राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए।
राजेश मालवीय के सम्मानित होने पर देवास में पत्रकारों और उनके शुभचिंतकों ने खुशी जताई। सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी और आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने उन्हें बधाई दी।
