शुभकांत फाउंडेशन की यूथ पार्लियामेंट 2026 में 300 से अधिक युवा संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों और महिला आरक्षण पर चर्चा
युवाओं को संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से नई दिल्ली में ‘नव निर्माण-ए-भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ का आयोजन किया गया। शुभकांत फाउंडेशन की ओर से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों और युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
16 और 17 नवंबर को हो रहे इस आयोजन में युवाओं को संसदीय बहस, विचार-विमर्श और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को समझने का अवसर दिया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय विधायिकाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान का क्रियान्वयन है।
संसदीय बहस के जरिए लोकतंत्र को समझने की पहल
कार्यक्रम में परिसीमन, समान प्रतिनिधित्व और राजनीति में महिलाओं की सार्थक भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपने विचार रखने और संसदीय चर्चा की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिल रहा है।
शुभकांत फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष विधि रंगा, उपाध्यक्ष सृजाता घोष, महासचिव प्रज्ञा सिंह और संयुक्त सचिव अंशज सहगल इस आयोजन का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिकता के लिए प्रेरित करना है।
मनोज तिवारी ने समझाई सदन की कार्यप्रणाली
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी व्यक्तिगत कारणों से कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि संसद नियमों के अनुसार चलती है और हर सदस्य को सदन में अपनी बात रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है। उन्होंने युवाओं को संसदीय नियमों, सदन के नेता और विपक्ष के नेता की भूमिका तथा उनकी जिम्मेदारियों को समझने की सलाह दी।
उन्होंने अपनी अनुपस्थिति पर खेद जताते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
17 नवंबर को भी जारी रहेंगी चर्चाएं
नव निर्माण-ए-भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन 17 नवंबर तक जारी रहेगा। दूसरे दिन भी प्रतिभागियों को संसदीय बहस और विचार-विमर्श में शामिल होने का अवसर मिलेगा। फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के जरिए युवाओं की लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति समझ बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
