नई दिल्ली: राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और पत्रकारों के अधिकारों पर जोर दिया गया। Accredited Journalists Association ने प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए उन्हें सुरक्षित माहौल, स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर और बेहतर सामाजिक सुविधाएं मिलनी चाहिए।
पत्रकारों की एकजुटता को बताया जरूरी
फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब के अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों के सामने आ रही चुनौतियों का उल्लेख किया और सभी पत्रकार संगठनों से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि उन्हें बिना किसी दबाव के जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री रमाकांत गोस्वामी ने भी पत्रकारों के कल्याण, सुविधाओं और सम्मान से जुड़े मामलों में सरकार तथा संबंधित संस्थाओं से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।
विजय शंकर चतुर्वेदी ने उठाए पत्रकार हितों के मुद्दे
एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में छोटे और मध्यम समाचार पत्रों तथा क्षेत्रीय पत्रकारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए रेलवे किराये में रियायत बहाल करने, सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा, टोल टैक्स में छूट और दिल्ली मेट्रो में निःशुल्क यात्रा की मांग की।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 15,000 से 20,000 रुपये मासिक पेंशन, मीडिया अकादमी की स्थापना और छोटे समाचार पत्रों को नियमित सरकारी विज्ञापन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और क्षेत्रीय मीडिया को मजबूत बनाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
पत्रकारिता में योगदान के लिए मिला सम्मान
कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इनमें मेट्रो मीडिया के संपादक अरशद फरीदी, रत्नेश मिश्रा, किशोर मालवीय, मृगांक प्रभाकर, विजय मोहन, शम्स तबरेज कासमी, कृष्ण देव पाठक, ललित भसोढ़, दृष्टि गुप्ता, आगा जिलानी और अर्चना तिवारी शामिल रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट करने तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान राष्ट्रीय प्रेस दिवस की विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
संजीव उपाध्याय ने कार्यक्रम का संचालन किया और कौडले चन्नप्पा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखने के साथ पत्रकारों के अधिकारों तथा सम्मान की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
