बिहार में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा, सिंगल विंडो पोर्टल पर 62 सेवाएं
बिहार ने Single Window Clearance Portal को रिवैम्प किया है। 9 विभागों की 62 सेवाएं अब एक प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी, जिससे निवेशकों को ऑनलाइन सुविधा मिलेगी
नई दिल्ली: बिहार सरकार ने निवेशकों के लिए Single Window Clearance Portal को रिवैम्प किया है। नए सिस्टम में 9 विभागों की 62 सेवाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है।
उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार ने बुधवार को पोर्टल लॉन्च किया। इस मौके पर उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिवैम्प्ड पोर्टल निवेशकों को कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराएगा। निवेशक अपने प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक स्वीकृतियां खोज सकेंगे, लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकेंगे, पहले से प्राप्त लाइसेंस अपलोड कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
इस प्लेटफॉर्म पर बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन, विधिक माप विज्ञान, जल संसाधन, अग्निशमन, ऊर्जा (डिस्कॉम), पर्यावरण एवं वन, पथ निर्माण और राजस्व एवं भूमि सुधार विभागों की सेवाएं शामिल हैं।

KYA से मंजूरी की पहचान आसान
नए Know Your Approval (KYA) मॉड्यूल में निवेशक अपने प्रोजेक्ट के चरण के अनुसार जरूरी स्वीकृतियों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
सिस्टम में Pre-Establishment और Pre-Operation के विकल्प दिए गए हैं। जरूरी अप्रूवल की पहचान के बाद निवेशक सीधे Apply सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
पोर्टल में Register Your Intent, Strategic Partnership और Investor Facilitation जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इनके जरिए निवेशक औपचारिक आवेदन से पहले संबंधित सेक्टर और जिला स्तर के अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।
वे अधिकारियों के साथ अपॉइंटमेंट बुक करने और संपर्क विवरण हासिल करने की सुविधा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
उद्योग विभाग ने कहा है कि वह सिंगल विंडो सिस्टम का आगे भी विस्तार करेगा। इसका उद्देश्य बिहार में निवेशकों के लिए मंजूरी और अन्य निवेश संबंधी सेवाओं को अधिक एकीकृत और डिजिटल बनाना है।
