एमईआरआई कॉलेज में ‘द आर्ट ऑफ टीवी एंकरिंग’ पर एक्सपर्ट टॉक आयोजित
अखिलेश शर्मा ने कहा- बदलती टेक्नोलॉजी के साथ पत्रकारिता का तरीका भी बदल रहा है
नई दिल्ली: एमईआरआई कॉलेज, जनकपुरी के पत्रकारिता एवं जन-संचार विभाग ने गुरुवार को टीवी एंकरिंग में करियर की संभावनाओं पर केंद्रित एक्सपर्ट टॉक का आयोजन किया। ‘टीवी एंकरिंग की कला और करियर के अवसर’ विषय पर हुए इस कार्यक्रम में एनडीटीवी के मैनेजिंग एडिटर अखिलेश शर्मा ने मुख्य वक्ता के तौर पर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. ललित अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। बीए (जेएमसी) विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शर्मा ने पत्रकारिता में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन ने पत्रकारों के लिए खबर जुटाने और उसे आगे पहुंचाने के तरीकों को काफी आसान और तेज बनाया है।
एंकरिंग के लिए जरूरी क्षमताओं पर बात करते हुए शर्मा ने आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण, वॉयस मॉड्यूलेशन और बेहतर प्रेजेंटेशन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक एंकर को केवल न्यूज रीडर के रूप में नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार प्रस्तुतकर्ता के रूप में काम करना चाहिए, जिसे खबर की प्रकृति और संवेदनशीलता की समझ हो।
शर्मा ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से अखबार पढ़ने और समसामयिक मुद्दों की जानकारी रखने की अपील की। उन्होंने मीडिया और टीवी एंकरिंग में उपलब्ध करियर विकल्पों पर भी विद्यार्थियों के साथ चर्चा की।
एक्सपर्ट टॉक के बाद इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने पत्रकारिता और एंकरिंग से जुड़े सवाल पूछे। विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. पांडेय ने कार्यक्रम में स्वागत संबोधन दिया। बीए (जेएमसी) सेमेस्टर 3 की छात्राएँ कृतिका गुप्ता और रिधिमा तंवर ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रो. सदानंद पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
