जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत सिंह पहुंचीं बीकानेर हाउस, तीज मेले का किया भ्रमण
नई दिल्ली: भारत की युवा स्क्वैश स्टार और जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित तीज मेले का दौरा किया। उन्होंने मेले में राजस्थान की लोक कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों और खान-पान की झलक देखी।
अनाहत सिंह ने विभिन्न स्टॉल का भ्रमण किया और कलाकारों व शिल्पकारों से उनके काम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने राजस्थान की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प की सराहना भी की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
अनाहत ने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित बनाने के साथ देश के लिए उपलब्धियां हासिल करने का अवसर देते हैं।
तीज मेले से नई पीढ़ी तक पहुंच रही राजस्थान की संस्कृति
प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने कहा कि जूनियर विश्व चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने मेले में राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की विविधता की विशेष रूप से सराहना की।
उन्होंने कहा कि तीज जैसे आयोजन नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम प्रदेश की लोक कला, हस्तशिल्प और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का मंच भी बनते हैं।
नीमराना ग्रुप के अमननाथ और सीईओ भी पहुंचे
मंगलवार शाम बीकानेर हाउस में आयोजित तीज मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शकों ने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर नीमराना ग्रुप के अमननाथ और नीमराना होटल्स के सीईओ ने भी मेले का दौरा किया। उन्होंने कलाकारों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में राजस्थान की कला और संस्कृति को समर्पित ऐसे आयोजन प्रदेश की विरासत को व्यापक मंच देते हैं। इससे लोक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने राजस्थान सरकार के कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों में भविष्य में भी नीमराना ग्रुप की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही।
