‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मानवीय प्रयासों पर एचआरडीएस इंडिया ने जुएल ओराम को दी विस्तृत रिपोर्ट
जनजातीय क्षेत्रों के विकास और टिकाऊ आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए मंत्रालय संग साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा
नई दिल्ली: एचआरडीएस इंडिया के संस्थापक-सचिव अजी कृष्णन ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से नई दिल्ली में मुलाकात कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मानवीय प्रयासों से संबंधित संगठन की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में जम्मू-कश्मीर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में किए गए राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का विस्तृत विवरण दिया गया है।
एचआरडीएस इंडिया की रिपोर्ट में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की तस्वीरें, दस्तावेज और जमीनी स्तर की पहलों का उल्लेख है। संगठन ने जम्मू-कश्मीर में क्षतिग्रस्त हजारों घरों के पुनर्निर्माण के साथ आपदा प्रभावित और कमजोर परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने का काम किया है।
जनजातीय विकास के लिए तीन दशकों से काम
बैठक में जनजातीय विकास, ग्रामीण पुनर्निर्माण और आपदा राहत को लेकर एचआरडीएस इंडिया की भूमिका पर चर्चा हुई। संगठन तीन दशकों से अधिक समय से केरल, झारखंड, असम, त्रिपुरा समेत कई राज्यों में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और टिकाऊ आजीविका के लिए काम कर रहा है।
जनजातीय कार्य मंत्रालय के साथ सहयोग पर चर्चा
मंत्री जुएल ओराम ने संगठन के जमीनी प्रयासों की सराहना करते हुए जनजातीय कल्याण और सामुदायिक विकास में नागरिक समाज संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बैठक में जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, स्वदेशी ज्ञान और टिकाऊ आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में सहयोग पर चर्चा हुई।
