आईआईए ने किया फूड एक्सपो 2026 का ऐलान, दिल्ली में जुटे 100+ उद्यमी
नई दिल्ली: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली में उद्योग संवाद एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में लखनऊ में 18-20 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 11वें इंडिया फूड एक्सपो 2026 की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर 100 से अधिक उद्योगपति, उद्यमी और एमएसएमई प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आलोक अग्रवाल ने बताया कि एक्सपो में लगभग 160 प्रदर्शनी स्टॉल होंगे और पात्र एमएसएमई प्रदर्शकों को स्टॉल बुकिंग पर 80 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी मिलेगी। यह लाभ पहले 60 पात्र प्रदर्शकों के लिए उपलब्ध रहेगा।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए नए अवसरों का बनेगा मंच
आईआईए के महासचिव श्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो उत्तर भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का एक प्रतिष्ठित व्यापारिक आयोजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि यह मंच उद्योग, तकनीक, स्टार्टअप्स, निवेशकों और नीति-निर्माताओं को एक साथ जोड़ते हुए एमएसएमई क्षेत्र के लिए नए व्यावसायिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त करता है। उनके अनुसार, एक्सपो नवाचार, नई तकनीकों को अपनाने, नेटवर्किंग, निर्यात और निवेश को बढ़ावा देगा। उन्होंने जानकारी दी कि आईआईए के 16,000 से अधिक सदस्य देशभर में लगभग एक लाख औद्योगिक इकाइयों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
किसानों की आय, रोजगार और एमएसएमई विकास को मिलेगी गति
वहीं, डॉ. ममतामयी प्रियदर्शिनी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और एमएसएमई विकास का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो 2026 उद्योग, सरकार, शिक्षा जगत, स्टार्टअप्स और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाकर नवाचार, उद्यमिता और सतत औद्योगिक विकास को नई गति देगा। साथ ही, यह आयोजन भारत के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एमएसएमई के विकास में तकनीकी सत्रों की अहम भूमिका
सीईसी सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने कहा कि तकनीकी सत्र एमएसएमई को आधुनिक तकनीकों के उपयोग, गुणवत्ता सुधार और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में मदद करेंगे। वहीं श्री नीरज बजाज ने कहा कि एक्सपो उद्योगों को नेटवर्किंग, तकनीकी नवाचार और बाजार विस्तार का मजबूत मंच देगा।
विशेषज्ञों और वैश्विक प्रतिनिधियों की होगी भागीदारी
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बी2बी बैठकें, तकनीकी प्रदर्शन, विशेषज्ञ सत्र और सेमिनार होंगे। कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा, एआई आधारित उत्पादन, गुणवत्ता प्रमाणन, ब्रांडिंग, निर्यात, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी से वैश्विक साझेदारी और तकनीकी हस्तांतरण के नए अवसर भी बनेंगे।
सभी प्रमुख हितधारकों को एक्सपो में आने का निमंत्रण
आयोजकों ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, मशीनरी निर्माता, एफपीओ, निर्यातक, संस्थागत खरीदार, वितरक, खुदरा विक्रेता, निवेशक और तकनीकी प्रदाताओं से एक्सपो में शामिल होकर उभरते कारोबारी अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
