भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई उड़ान, ओलेक्ट्रा ने 4,000 ई-बसों के साथ बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्डभारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई उड़ान, ओलेक्ट्रा ने 4,000 ई-बसों के साथ बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई रफ्तार, ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक ने 4,000 ई-बसें उतारकर देश की पहली कंपनी बनने का रिकॉर्ड बनाया
दिल्ली: ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (OGL) ने भारत के इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में नया इतिहास रच दिया है। कंपनी अब देश की पहली ऐसी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी बन गई है जिसने भारतीय सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन सुनिश्चित किया है। यह उपलब्धि पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इस खास उपलब्धि का जश्न हिमाचल प्रदेश में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान मनाया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को कंपनी की 4,000वीं इलेक्ट्रिक बस की चाबी सौंपकर इस उपलब्धि को यादगार बनाया गया। यह कार्यक्रम HRTC के बेड़े में शामिल होने वाली 297 नई ओलेक्ट्रा इलेक्ट्रिक बसों के फ्लैग-ऑफ समारोह के दौरान आयोजित किया गया, जिसमें सरकार और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
देशभर के कई राज्यों और शहरों में सफलतापूर्वक संचालित ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक की 4,000 इलेक्ट्रिक बसों ने अब तक 73 करोड़ से अधिक ग्रीन किलोमीटर का सफर तय किया है। इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने 6.5 लाख टन से ज्यादा CO₂ उत्सर्जन को कम करने में योगदान देकर स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश बाबू ने कहा कि भारत में 4,000 इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने वाली पहली कंपनी बनना ओलेक्ट्रा के साथ-साथ पूरे भारतीय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उद्योग के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को 4,000वीं बस सौंपना इस ऐतिहासिक सफर का सबसे यादगार पल है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय ग्राहकों, कर्मचारियों, साझेदारों और राज्य परिवहन उपक्रमों के भरोसे को देते हुए कहा कि ओलेक्ट्रा भविष्य में भी अत्याधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से भारत को स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
