BIS और IIA दिल्ली का बड़ा उद्योग सम्मेलन, गुणवत्ता, प्रमाणन और MSME विकास पर जोर
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), दिल्ली स्टेट चैप्टर, के साथ मिलकर रोहिणी स्थित क्राउन प्लाज़ा में एक महत्वपूर्ण उद्योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता BIS की उप महानिदेशक (केंद्रीय क्षेत्र), श्रीमती स्नेह लता और IIA दिल्ली की राज्य अध्यक्ष, डॉ० ममतामयी प्रियदर्शिनी ने की। इसमें करीब 200 MSME प्रतिनिधि, निर्माता, निर्यातक और उद्यमी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जो गुणवत्ता और औद्योगिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
श्रीमती स्नेह लता ने कहा कि मानकीकरण आर्थिक विकास और उपभोक्ता विश्वास की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि BIS MSME इकाइयों को सरल प्रमाणन प्रक्रिया, जागरूकता कार्यक्रम और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से लगातार सहयोग दे रहा है।
डॉ० ममतामयी प्रियदर्शिनी ने MSME क्षेत्र के लिए गुणवत्ता, प्रमाणन और नियमों के पालन को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे उद्योगों को वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने में मदद मिलती है।
BIS दिल्ली शाखा कार्यालय-II के निदेशक एवं प्रमुख श्री वेद प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और उद्योग के साथ मजबूत साझेदारी की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, दिल्ली शाखा कार्यालय-I के निदेशक एवं प्रमुख श्री वी. रमेश ने कहा कि मानकों का पालन करने से उत्पादों की गुणवत्ता, बाजार में स्वीकार्यता और ब्रांड पर भरोसा बढ़ता है।
कार्यक्रम में BIS के सहायक निदेशक श्री कार्तिक पाल ने BIS की कार्यप्रणाली और सहायता तंत्र की जानकारी दी, जबकि सहायक निदेशक श्री आकाश सिंह ने प्रमाणन प्रक्रिया और डिजिटल संसाधनों को विस्तार से समझाया।
IIA के CEC सदस्य डॉ. एल.के. पांडेय ने कृषि उद्यमिता को रोजगार और ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण साधन बताया। ECGC लिमिटेड की शाखा प्रबंधक सुश्री रेनुका अघाव ने कहा कि उनकी संस्था निर्यातकों को क्रेडिट जोखिम से सुरक्षा देकर MSME को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने में मदद करती है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंटरएक्टिव सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए 45 सवालों के जवाब विशेषज्ञों ने दिए। इन सवालों में प्रमाणन, मानकों, अनुपालन और निर्यात से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
सम्मेलन में उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और अंत में उद्योग व संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाकर गुणवत्ता आधारित और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी औद्योगिक माहौल तैयार करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में अन्य प्रमुख उपस्थितियों में आदित्य राज, देवेश शर्मा, मोहम्मद इसराफिल और राहुल (BIS); मृगेन्द्र कुमार (उपाध्यक्ष), नीरज बजाज (सचिव), ऋषभ गुप्ता (IYC संयोजक); संयोजक जतिन शर्मा, सीए एच.के. गुप्ता, नरेंद्र कोठारी और सुशील तिवारी; तथा आयोजन टीम के सदस्य मनीष चावला, अनुप अग्रवाल, मोहन निरवान सहित IIA दिल्ली के कई गणमान्य सदस्य और दिल्ली – एनसीआर में स्थित अन्य औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
