आईआईटी बॉम्बे में हुए NEC 2025 फाइनल्स में एमईआरआई कॉलेज के ई-सेल ने 57वें स्थान से टॉप–5 तक पहुंचकर उत्तर भारत का नाम रोशन किया।
नई दिल्ली | 17 दिसंबर 2025
एमईआरआई कॉलेज के एंटरप्रेन्योरशिप सेल (ई-सेल) ने नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (NEC) 2025 में असाधारण प्रदर्शन करते हुए देशभर में टॉप–5 रैंक हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। आईआईटी बॉम्बे में आयोजित 21वें ई-समिट के दौरान घोषित इस परिणाम ने एमईआरआई कॉलेज को लगभग 4,000 भाग लेने वाले संस्थानों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
इस उल्लेखनीय सफलता की खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के शुरुआती चरणों में ई-सेल, एमईआरआई 57वें स्थान पर था। 31 जनवरी 2025 को शुरुआती दौर में बाहर होने के बाद टीम ने आत्ममंथन करते हुए अपने संगठनात्मक ढांचे, रणनीति और कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किए। अनुशासन, स्पष्ट लक्ष्य और दीर्घकालिक सोच के साथ महीनों तक किए गए निरंतर प्रयासों का नतीजा 12 दिसंबर 2025 को सामने आया, जब NEC फाइनल्स में टीम को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
इस शानदार वापसी का नेतृत्व जोरावर सिंह (NEC लीडर), अनंत नूर सिंह (प्रेसिडेंट) और विशाल दुडेजा (वाइस NEC लीडर) ने किया। उनके प्रभावी नेतृत्व, रणनीतिक योजना और मजबूत टीम समन्वय ने ई-सेल को कठिन प्रतिस्पर्धी चरणों से सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। वहीं, डॉ. गुरप्रीत कौर छाबड़ा ने NEC एक्सटर्नल मेंटर और इल्युमिनेट फैकल्टी मेंबर के रूप में अकादमिक एवं रणनीतिक मार्गदर्शन देकर टीम को मजबूती प्रदान की।
NEC 2025 के दौरान ई-सेल, एमईआरआई ने 40 से अधिक प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी की और 18 NEC टास्क सफलतापूर्वक पूरे किए। इनमें इल्युमिनेट, यूरेका पिचिंग और फाउंडर्स एक्सपो जैसे प्रमुख आयोजन शामिल थे। खास उपलब्धि यह भी रही कि एमईआरआई कॉलेज उत्तर भारत का एकमात्र संस्थान बना, जिसने ई-सेल, आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से यूरेका नॉर्थ ज़ोनल्स का सफल आयोजन किया।
मुंबई में आयोजित NEC फाइनल्स के दौरान टीम ने प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन, केस एनालिसिस और आईपीएल ऑक्शन राउंड सहित पांच चुनौतीपूर्ण चरणों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। मंच पर मौजूद प्रतिभागियों के साथ-साथ दूर रहकर योगदान देने वाले सदस्यों की सामूहिक मेहनत ने इस सफलता को संभव बनाया।
57वें स्थान से टॉप–5 तक का यह सफर ई-सेल, एमईआरआई की मेहनत, मार्गदर्शन और टीमवर्क की मिसाल है। इस उपलब्धि के साथ ही टीम ने NEC 2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जहां लक्ष्य है—शीर्ष स्थान हासिल करना।
