पूर्व डीजीपी व जन सुराज प्रत्याशी राकेश मिश्रा ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया, बोले– विरोधियों की साज़िशों से डरने वाले नहीं, सेवा ही हमारी राजनीति है।
दरभंगा, 3 नवंबर 2025
दरभंगा विधानसभा क्षेत्र में हुए घरेलू सिलेंडर ब्लास्ट की घटना के बाद जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी और पूर्व पुलिस महानिदेशक राकेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मिश्रा ने कहा कि इस कठिन घड़ी में राजनीति नहीं, मानवता की जरूरत है। जन सुराज पार्टी की टीम लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में लगी हुई है तथा घायलों को चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है।
घटना स्थल पर पहुंचने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिस पर मिश्रा ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह सब एक पूर्व नियोजित साज़िश का हिस्सा प्रतीत होता है, क्योंकि विपक्ष दरभंगा और मिथिला क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन से घबराया हुआ है।
पूर्व डीजीपी मिश्रा ने कहा, “मैंने जीवनभर सेवा की है – पहले पुलिस अधिकारी के रूप में और अब जनता के प्रतिनिधि के रूप में। ऐसे भड़काऊ प्रयास हमें न तो डराएंगे, न रोक पाएंगे।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, सेवा है, और दरभंगा को विकास व ईमानदारी की नई दिशा देना ही उनका लक्ष्य है।
उन्होंने कहा, “यह समय राजनीति का नहीं, मानवता का है — और मानवता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
अंत में मिश्रा ने जनता से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करने की अपील की और कहा कि 6 नवंबर को ‘स्कूल का बस्ता’ चिन्ह पर वोट डालकर दरभंगा यह संदेश दे सकता है कि अब बिहार को डर नहीं, विकास और ईमानदारी चाहिए।
