राजस्थान के लोक कलाकारों ने IITF में बिखेरे संस्कृति के रंग
IITF 2026 में राजस्थान दिवस पर विभिन्न जिलों के कलाकारों ने लोक नृत्य और संगीत प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की परंपराओं की झलक दिखी
नई दिल्ली। राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकारों ने 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) में अपनी प्रस्तुतियों से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को सामने रखा। प्रगति मैदान में राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में पारंपरिक नृत्य, लोक संगीत और वादन की प्रस्तुतियां हुईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर राजस्थान पवेलियन के निदेशक श्री हर्ष शर्मा, पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती दीपाली शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर आईटी श्री छत्रपाल यादव और टूरिस्ट ऑफिसर श्री मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या में सबसे पहले डीग के श्री मन्नू शर्मा ने गणेश वंदना और चरकुला नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद जैसलमेर के श्री हयात खां लंगा ने खड़ताल वादन और गायन से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
किशनगढ़ की सुश्री अरुशिका ने चरी नृत्य के जरिए अपनी कला दिखाई, जबकि अलवर के श्री जाकिर खान मेवाती ने भपंग वादन किया। नई दिल्ली के श्री सुरेश व्यास ने भवई नृत्य प्रस्तुत किया। अजमेर की सुश्री रिया कंवर ने पारंपरिक घूमर नृत्य पेश किया।
इसके बाद चूरू के श्री गोपाल गिला ने चंग ढप नृत्य और बाड़मेर के श्री गजेंद्र बानिया ने गैर नृत्य की प्रस्तुति दी। जोधपुर के श्री सोहन ने कालबेलिया नृत्य से दर्शकों का ध्यान खींचा। वहीं, डीग के श्री विष्णु शर्मा ने मयूर नृत्य और फूलों का नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन दौसा के श्री अशोक शर्मा ने किया।
मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार ने कहा कि इस आयोजन के जरिए देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों, व्यापारियों तथा अन्य आगंतुकों को राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ ही इस तरह के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
