26 नवंबर तक IITF 2026 के राजस्थान पवेलियन में चार लाख से अधिक लोग पहुंचे। पवेलियन को पार्टनर स्टेट सम्मान और फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड मिला
नई दिल्ली: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2026 में राजस्थान पवेलियन को देखने के लिए 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक आगंतुक पहुंच चुके थे। पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान राजस्थान को पार्टनर स्टेट श्रेणी में ‘Award of Honorable Participation’ और फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड भी मिला।
राजस्थान लगातार दूसरे वर्ष इस व्यापार मेले में पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल हुआ। इस बार पवेलियन को ‘विकास और विरासत’ थीम पर तैयार किया गया था।
देश-विदेश के आगंतुकों ने दिखाई रुचि
पवेलियन के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक लोग राजस्थान पवेलियन का अवलोकन कर चुके थे। इनमें देशभर से आए आगंतुकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विदेशी प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों के विशिष्ट अतिथियों ने राजस्थान के उत्पादों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रुचि दिखाई।

44 स्टॉल और 7 लाइव डेमो से दिखाई राजस्थान की विरासत
राजस्थान पवेलियन में कुल 44 स्टॉल लगाए गए थे। इनके जरिए प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला। वहीं, 7 लाइव डेमो में पारंपरिक शिल्पकलाओं और कारीगरी को दिखाया गया।
पवेलियन के प्रमुख आकर्षणों में ODOP एक्सपीरियंस वॉल और GI टैग वॉल शामिल रहीं। ODOP वॉल पर सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। GI टैग वॉल पर प्रदेश के भौगोलिक संकेतक प्राप्त उत्पादों और पारंपरिक शिल्पों को जगह मिली।
दो पुरस्कारों से सम्मानित हुआ राजस्थान पवेलियन
मेले में राजस्थान पवेलियन को पार्टनर स्टेट श्रेणी में ‘Award of Honorable Participation’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड भी मिला। ये सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और पवेलियन की प्रस्तुति के लिए दिए गए।
दोनों पुरस्कारों में राज्य सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम (RAJSICO), आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रतिभागी उद्यमियों, कारीगरों और स्टॉल संचालकों का योगदान रहा।
