ऊर्जा स्वराज यात्रा के छह साल पूरे होने पर खरगोन में क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम का शिलान्यास हुआ। देशभर की मिट्टी से इसकी आधारशिला रखी गई
खरगोन: ऊर्जा स्वराज यात्रा के छह साल पूरे होने और सातवें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के नेमित गांव में क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया।
एनर्जी स्वराज फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 850 से अधिक लोग शामिल हुए। इस दौरान देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से लाई गई मिट्टी आश्रम की नींव में समर्पित की गई।
समारोह में संत पूजनीय श्री प्रभुजी नागर महाराज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। ‘एक मुट्ठी माटी’ अभियान के तहत 11 राज्यों से 16 माटी दूत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

छह साल की यात्रा से जन्मा आश्रम का विचार
आईआईटी बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर और ऊर्जा स्वराज यात्रा के प्रणेता प्रो. चेतन सिंह सोलंकी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के समाधान के लिए व्यक्तिगत स्तर पर बदलाव जरूरी है।
उन्होंने कहा कि धरती के संसाधन सीमित हैं और मनुष्य को अपनी जीवनशैली तथा उपभोग को इसी के अनुरूप बनाना होगा। क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम की स्थापना इसी विचार को सीखने, अपनाने और दुनिया तक पहुंचाने के लिए की जा रही है।
प्रभुजी नागर महाराज ने किया भूमि पूजन
समारोह में प्रभुजी नागर महाराज ने स्वयं भूमि पूजन किया। देशभर से लाई गई मिट्टी के पूजन के बाद आश्रम की आधारशिला रखी गई और पीपल का पौधा लगाया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “त्रेतायुग में रावण खलनायक था, द्वापरयुग में कंस खलनायक था, लेकिन कलियुग में हमारा ‘मैं’ ही खलनायक है।”
उन्होंने नेमित गांव की मिट्टी को जलवायु सत्याग्रह का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बताया।

पर्यावरण संरक्षण में व्यक्तिगत भूमिका जरूरी
इंदौर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भारत रावत ने पर्यावरण प्रदूषण और मौजूदा जीवनशैली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि उनके आज के फैसले आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करेंगे।
समारोह को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए पुनः उपयोग योग्य बर्तनों और सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया। आयोजकों के अनुसार, 850 से अधिक लोगों की मौजूदगी के बावजूद 200 ग्राम से अधिक प्लास्टिक कचरा उत्पन्न नहीं हुआ।
सीमित जीवनशैली की प्रयोगशाला बनेगा क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम
आयोजकों की योजना के अनुसार, आश्रम को एक ऐसे केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश और विदेश से आने वाले लोग सीमित संसाधनों के बीच स्वस्थ, संतुलित और आनंदपूर्ण जीवन जीना सीख सकेंगे।
इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को अपनी रोजमर्रा की आदतों में बदलाव के लिए प्रेरित करना है।
