राजस्थान पवेलियन में 41 जिलों के ODOP उत्पाद और 24 GI टैग प्राप्त वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इनका अवलोकन किया
नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में राजस्थान पवेलियन के जरिए प्रदेश के 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों और 24 GI टैग प्राप्त वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पवेलियन का दौरा कर ODOP वॉल और GI Tag Wall का अवलोकन किया। उन्होंने पारंपरिक शिल्प और आधुनिक तकनीकी नवाचारों के समन्वय की सराहना की।
पवेलियन में स्थापित ODOP वॉल पर राजस्थान के सभी 41 जिलों के खास उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। वहीं, GI Tag Wall पर प्रदेश के 24 GI टैग प्राप्त उत्पादों की जानकारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने इन डिस्प्ले के जरिए राज्य के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प की विविधता को देखा।
दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर मौजूद शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी बातचीत की। उन्होंने उनके उत्पादों और निर्माण प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली। ब्लू पॉटरी, कोटा डोरिया, मोलेला टेराकोटा, मीनाकारी, खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े स्टॉलों में उन्होंने विशेष रुचि दिखाई।
पवेलियन में मोलेला कला, मेहंदी, बगरू ब्लॉक प्रिंटिंग, टाई एंड डाई और पारंपरिक दरी निर्माण के लाइव डेमो भी आयोजित किए गए। केंद्रीय मंत्री ने इन गतिविधियों को देखकर कारीगरों से पारंपरिक शिल्प की बारीकियों और पीढ़ियों से चली आ रही निर्माण तकनीकों के बारे में जानकारी ली।

तकनीकी नवाचारों के तहत उन्होंने 3D प्रिंटर का लाइव डेमो, AI आधारित डिजिटल कठपुतली कियोस्क और सेल्फी झरोखे का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की विरासत, कला और विकास की संभावनाओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने RRECL, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम, राजीविका, पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, उद्योग आयुक्तालय, RIICO और ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन के डिस्प्ले भी देखे। इन प्रस्तुतियों में राज्य की औद्योगिक प्रगति, नवीकरणीय ऊर्जा, कौशल विकास और निवेश की संभावनाओं को दिखाया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड (राजसीको) ने IITF 2026 की थीम ‘विकास और विरासत’ के आधार पर राजस्थान पवेलियन स्थापित किया है। प्रगति मैदान के हॉल नंबर-3 के ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 1,000 वर्ग मीटर में बने इस पवेलियन में प्रदेश के हस्तशिल्प, पर्यटन, महिला उद्यमिता, ODOP, औद्योगिक क्षमताओं और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है।
