IITF 2026: झारखंड पवेलियन में दिखा विकास, विरासत और महिला शक्ति का संगम
भारत मंडपम के IITF 2026 में झारखंड पवेलियन ने लोककला, आदिवासी आभूषण, हर्बल उत्पाद और ग्रामीण महिला उद्यमिता को प्रदर्शित किया
नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड का पवेलियन राज्य की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की झलक पेश कर रहा है। ‘विकास और विरासत’ की थीम पर आधारित इस पवेलियन में पारंपरिक हस्तशिल्प, आदिवासी आभूषण, प्राकृतिक उत्पादों और ग्रामीण महिला उद्यमियों के सामान को प्रदर्शित किया गया है।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के पलाश मार्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए महिला उद्यमियों और कारीगरों से बातचीत की।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
परंपरा और प्राकृतिक उत्पादों की झलक
झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत JSLPS ने हॉल नंबर 1 के प्रथम तल पर पलाश मार्ट स्थापित किया है। यहां स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पवेलियन में हर्बल साबुन, प्राकृतिक तेल, सौंदर्य उत्पाद, जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित वस्तुएं और पारंपरिक हैंडलूम उपलब्ध हैं। इसके अलावा आदिवासी शैली की मेटल ज्वेलरी भी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
करीब 20 तरह के साबुन लेकर पहुंचीं मीनू रक्षित
पलाश मार्ट में उद्यमी मीनू रक्षित के हर्बल उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं। जमशेदपुर के तुर्केपुर, बिशिमपुर से आईं मीनू के स्टॉल पर लगभग 20 तरह के साबुन उपलब्ध हैं।
उनके अनुसार, साबुन तैयार करने में नारियल और मावा तेल का इस्तेमाल होता है। फूलों और पत्तियों के जरिए इनमें प्राकृतिक खुशबू शामिल की जाती है। इसके अलावा वह बॉडी ऑयल, दर्द में इस्तेमाल होने वाला तेल और हल्दी, एलोवेरा तथा कुमकुम से बनी क्रीम भी बेचती हैं।
नीम और तुलसी से तैयार उत्पादों के साथ उनके स्टॉल पर चुकंदर पाउडर वाला लिप बाम भी उपलब्ध है। मीनू के मुताबिक, वह पहले भी ट्रेड फेयर में हिस्सा ले चुकी हैं और इस बार पुराने ग्राहक भी उनके स्टॉल पर पहुंचे हैं।
JSLPS दे रही ग्रामीण उत्पादों को नई पहचान
पलाश मार्ट केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय कारीगरों को बाजार से जोड़ने की पहल भी है। JSLPS स्वयं सहायता समूहों को उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में सहयोग देती है।
पलाश ब्रांड के जरिए ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को एक साझा पहचान देने और उन्हें राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
IITF 2026 में झारखंड की भागीदारी राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय कौशल और ग्रामीण महिला उद्यमिता को एक साथ प्रदर्शित कर रही है।
